घर की एक कुर्सी पर
हम दुनिया भर की महफ़िलों में सुकून ढूँढते रहे,
वो घर की एक कुर्सी पर चुपचाप बैठा मिला।
खिड़की से झाँकती धूप की नन्ही किरनें,
हाथों में भाप उड़ाता चाय का प्याला,
बगल में चुपचाप बैठी मेरी शरीक-ए-हयात—
न कल की फ़िक्र, न आज की जल्दी।
मैंने यूँ ही सोचा,
ज़िंदगी इतनी ख़ुशगवार कब हुई?
तेरे इश्क़ में सनम, हम क्या-क्या न बने—
तुझे पाने चले तो शायर बने,
तुझे खोने लगे तो कायर बने।
कल की फ़िक्र में शामें गँवाने की आदत थी हमें,
एक मासूम-से सवाल ने शर्मिंदा कर दिया—
“आख़िर कमी क्या है इस पल में?”