कमबख़्त ज़िंदगी
हम उम्र भर कल को सँवारते रहे,
आज कब क़त्ल हुआ, पता ही न चला।
मौत से तो लड़ भी लें, जी-जान लगा कर,
इस कमबख़्त ज़िंदगी का क्या करें।
कौन कमबख़्त मरना चाहता है,
बस कोई जीने का मज़ा लौटा दे।
तेरी बातों में जो हल्की-सी शराब है,
तेरी साँसों में जो महका-सा गुलाब है,
तेरी आँखों में जो भीगा-सा शबाब है—
कमबख़्त, यही चीज़ें तो मरने नहीं देतीं।
वो अस्पताल के बरामदे में बैठी लाचार आँखें,
वो आशिक़ के इश्क़ में डूबी बेकरार आँखें,
वो माँ-बाप की मोहब्बत में सरशार आँखें—
मानो आँखें न हुईं, आईना हो गईं।
कई ख़्वाब मुकम्मल हुए,
कुछ अपने, कुछ पराए,
जो ख़्वाब पूरे हुए, गुज़र गए,
जो अधूरे रहे—दिल में ठहर गए।